Hindi: Class 8 ৰ হিন্দীৰ সকলো অধ্যায় পাবলৈ ইয়াত ক্লিক কৰক।
पाठ-8 : भारत दर्शन
अभ्यास-माला
✦ पाठ से ✦
1. निम्नलिखित प्रश्नों के उत्तर दो:
(क) ‘भारत दर्शन’ पाठ तुम्हें कैसा लगा? अपने विचार संक्षेप में लिखो।
उत्तर: ‘भारत दर्शन’ पाठ मुझे अत्यंत ज्ञानवर्धक और मनोरंजक लगा। इस पाठ के माध्यम से भारत के विभिन्न प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक दर्शनीय स्थलों जैसे कोलकाता, पुरी, मुंबई, भोपाल, दिल्ली और आगरा आदि के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त होती हैं। यह पाठ विद्यार्थियों में भ्रमण के प्रति रुचि जगाने और देश की विविधता को समझने में मदद करता है।
(ख) रेलगाड़ी में फेरीवाले क्या-क्या बोलते हैं?
उत्तर: रेलगाड़ी में फेरीवाले अपने सामान को बेचने के लिए तरह-तरह की आवाजें लगाते हैं जैसे:- ‘गरम चटपटे चने खा लो…..’, ‘बादाम ले लो बादाम’, ‘सस्ता-मीठा फल ले लो’ आदि।
(ग) शराइघाट का पुल किस नदी पर बना है?
उत्तर: शराइघाट का पुल विशाल ब्रह्मपुत्र नदी पर बना है।
(घ) बच्चे कोलकाता में किस रेलवे स्टेशन पर उतरे?
उत्तर: बच्चे कोलकाता में हावड़ा रेलवे स्टेशन पर उतरे।
(ङ) दक्षिण भारत का सबसे बड़ा रेलवे जंक्शन कौन-सा है?
उत्तर: दक्षिण भारत का सबसे बड़ा रेलवे जंक्शन विजयवाड़ा है।
(च) ‘माया नगरी’ के नाम से कौन-सा शहर विख्यात है?
उत्तर: ‘माया नगरी’ के नाम से मुंबई शहर विख्यात है।
(छ) ‘पेठा’ कहाँ की मशहूर मिठाई है?
उत्तर: ‘पेठा’ आगरा की मशहूर मिठाई है।
(ज) बच्चों ने तैरते हुए डॉल्फिनों को कहाँ देखा?
उत्तर: बच्चों ने तैरते हुए डॉल्फिनों को ‘चिल्का झील’ में देखा।
(झ) तेलुगू किस राज्य की भाषा है?
उत्तर: तेलुगू आंध्र प्रदेश राज्य की भाषा है।
2. संक्षेप में उत्तर दो:
(क) पुरी में सबसे आनंददायक क्या रहा?
उत्तर: पुरी में सबसे आनंददायक जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करना, समुद्र की लहरें देखना और चिल्का झील में तैरती डॉल्फिनों को देखना रहा।
(ख) किस कारण से मुंबई को ‘बॉलीवुड’ के नाम से भी जाना जाता है?
उत्तर: मुंबई में हिंदी चलचित्र एवं दूरदर्शन उद्योग होने के कारण मुंबई शहर ‘बॉलीवुड’ के नाम से भी जाना जाता है।
(ग) मुंबई में बच्चों ने क्या-क्या देखा?
उत्तर: मुंबई में बच्चों ने नरीमन पॉइंट, चौपाटी, जुहू बीच, मरीन ड्राइव, गेटवे ऑफ इंडिया, होटल ताज, एलिफेंटा की गुफाएं देखीं और साथ ही प्रसिद्ध फिल्मी सितारों के बंगले भी देखे।
(घ) दिल्ली के प्रमुख दर्शनीय स्थलों के नाम लिखो।
उत्तर: दिल्ली के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, इंडिया गेट, कुतुब मीनार, लाल किला, राजघाट, जंतर-मंतर, जामा मस्जिद, अक्षरधाम मंदिर, लोटस टेम्पल और मुगल गार्डन शामिल हैं।
(ङ) ताजमहल के बारे में तुम क्या जानते हो?
उत्तर: ताजमहल आगरा में स्थित एक सुंदर इमारत है जिसे मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज की याद में बनवाया था। इसे प्रेम का प्रतीक माना जाता है।
3 और 4. उत्तर: यदि संभव हो तो स्वयं करो। परीक्षा के लिए महत्त्वपूर्ण नहीं।
5. निम्नलिखित प्रश्नों के चार-चार उत्तर दिए गए हैं। सही उत्तर का चयन करो:
(क) ‘सिटी ऑफ ज्वॉय’ के नाम से प्रसिद्ध है-
उत्तर: (आ) कोलकाता
(ख) कोणार्क……. के लिए प्रसिद्ध है।
उत्तर: (आ) सूर्य मंदिर
(ग) एशिया की सबसे बड़ी खारे पानी की झील है-
उत्तर: (अ) चिल्का
(घ) ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ कहाँ है?
उत्तर: (इ) मुंबई
(ङ) मुंबई किस राज्य में स्थित है?
उत्तर: (अ) महाराष्ट्र
✦ पाठ के आस-पास ✦
1. उत्तर: परीक्षा के लिए महत्त्वपूर्ण नहीं। यदि संभव हो तो स्वयं करो।
2. टिप्पणी लिखो:
(क) भ्रमण
उत्तर: भ्रमण का अर्थ है यात्रा करना या किसी स्थान पर घूमना-फिरना। भ्रमण हमारी शिक्षा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग माना जाता है। भ्रमण करने से हमें विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थानों के बारे में प्रत्यक्ष ज्ञान एवं नया अनुभव प्राप्त होता है। इससे मन प्रसन्न रहता है, नए-नए लोगों और उनकी संस्कृति को जानने का अवसर मिलता है तथा मानसिक विकास होता है।
(ख) रेलगाड़ी
उत्तर: रेलगाड़ी परिवहन का एक बहुत ही लोकप्रिय, सुगम और किफायती साधन है। लंबी दूरी की यात्राओं के लिए यह सबसे आरामदायक माध्यम मानी जाती है। रेल यात्रा के दौरान खिड़की से प्राकृतिक दृश्य देखना, फेरीवालों की तरह-तरह की बोलियाँ सुनना और सह-यात्रियों से बातचीत करना यात्रा को बहुत ही आनंददायक और रोमांचक बना देता है।
(ग) डायरी
उत्तर: डायरी लेखन एक बहुत ही अच्छी और उपयोगी आदत है। व्यक्ति दिनभर में जो कुछ देखता है, अनुभव करता है या सोचता है, उसे तिथि के अनुसार डायरी में लिखता है। अपनी दैनिक यात्राओं और महत्वपूर्ण घटनाओं को डायरी में दर्ज करने से वे स्मृतियाँ हमेशा के लिए सुरक्षित हो जाती हैं, जिन्हें भविष्य में पढ़कर पुरानी यादें तरोताज़ा की जा सकती हैं।
✦ भाषा-अध्ययन ✦
1. निम्नलिखित वाक्यों में प्रयुक्त विस्मयादिबोधक शब्दों को छाँटो और यह भी लिखो कि उक्त वाक्यों में मन के कौन-से भाव प्रकट हुए हैं:
(क) अरे! जरा मेरी बात तो सुनो।
उत्तर: विस्मयादिबोधक शब्द: अरे! | भाव: संबोधन (आह्वान / ध्यान आकर्षित करना)
(ख) हाय! मैं लुट गया।
उत्तर: विस्मयादिबोधक शब्द: हाय! | भाव: शोक
(ग) छी छी! कितनी गंदगी है।
उत्तर: विस्मयादिबोधक शब्द: छी छी! | भाव: घृणा
(घ) वाह! क्या स्वाद है।
उत्तर: विस्मयादिबोधक शब्द: वाह! | भाव: हर्ष
(ङ) शाबाश! तुमने कमाल कर दिया।
उत्तर: विस्मयादिबोधक शब्द: शाबाश! | भाव: प्रशंसा
(च) आह! दर्द से रहा नहीं जाता।
उत्तर: विस्मयादिबोधक शब्द: आह! | भाव: पीड़ा
(छ) ओह! इस लड़के ने बहुत कष्ट झेला।
उत्तर: विस्मयादिबोधक शब्द: ओह! | भाव: सहानुभूति
(ज) बाप रे! कितना बड़ा साँप है।
उत्तर: विस्मयादिबोधक शब्द: बाप रे! | भाव: आश्चर्य (भय)
2. ऐसे ही अथवा, या, चाहे, बल्कि, किंतु, परंतु, तथा आदि समुच्चयादिबोधक शब्दों से एक-एक वाक्य बनाओ:
उत्तर:
(क) अथवा: तुम चाय लोगे अथवा ठंडा पेय?
(ख) या: तुम खुद चले जाओ या किसी को भेज दो।
(ग) चाहे: चाहे कितनी भी कठिन परिस्थिति हो, हमें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।
(घ) बल्कि: उसने मना नहीं किया, बल्कि मेरी मदद भी की।
(ङ) किंतु: उसने मेहनत तो बहुत की, किंतु सफलता नहीं मिली।
(च) परंतु: रमेन स्टेशन पहुँचा, परंतु ट्रेन छूट चुकी थी।
(छ) तथा: रमेश तथा सुरेश दोनों अच्छे मित्र हैं।
3. अब तुम लोग भविष्यत् काल के इन दोनों भेदों के पाँच-पाँच वाक्य लिखकर शिक्षक/शिक्षिका को दिखाओ:
उत्तर:
(क) सामान्य भविष्यत् काल:
- रमेन कल कोलकाता जाएगा।
- हम शाम को पार्क में खेलेंगे।
- अध्यापक कल नया पाठ पढ़ाएंगे।
- बच्चे थोड़ी देर में सो जाएंगे।
- वह परीक्षा में अच्छे अंक लाएगा।
(ख) संभाव्य भविष्यत् काल:
- शायद आज शाम को बारिश हो जाए।
- संभवतः हम कल दिल्ली जाएं।
- शायद वह समय पर स्टेशन पहुँच जाए।
- हो सकता है पिताजी आज घर जल्दी आ जाएं।
- कदाचित् वे हमारी मदद करें।
अतिरिक्त प्रश्न-उत्तर
(क) रमेन को स्टेशन तक छोड़ने कौन-कौन आए थे?
उत्तर: रमेन को स्टेशन तक छोड़ने के लिए उसकी मां, पिताजी और दादाजी आए थे।
(ख) कलिंग का रण क्षेत्र किस सम्राट से संबंधित है?
उत्तर: कलिंग का रण क्षेत्र महान सम्राट अशोक से संबंधित है।
(ग) होटल ताज को किसने और कब निर्माण करवाया था?
उत्तर: होटल ताज का निर्माण प्रसिद्ध भारतीय उद्योगपति जमशेदजी टाटा ने सन 1903 में करवाया था।
(घ) भोपाल गैस त्रासदी कब हुई थी?
उत्तर: भोपाल गैस त्रासदी सन 1984 में हुई थी।
(ङ) राष्ट्रपति भवन परिसर का विशाल उद्यान किस नाम से प्रसिद्ध है?
उत्तर: राष्ट्रपति भवन परिसर का विशाल उद्यान ‘मुगल गार्डन’ (अमृत उद्यान) नाम से प्रसिद्ध है।
(च) रमेन ने अपनी छोटी बहन और अपने दादाजी के लिए क्या खरीदा?
उत्तर: रमेन ने अपनी छोटी बहन के लिए एक घड़ी और दादाजी के लिए खादी का कुर्ता खरीदा।